
बिहार 4 से 15 मई, 2025 तक खेलो इंडिया युवा खेलों के सातवें संस्करण की मेजबानी करेगा। यह ऐतिहासिक आयोजन पटना, गया, राजगीर, बेगूसराय और भागलपुर जैसे विभिन्न शहरों में आयोजित किया जाएगा, जो राज्य के युवाओं और खेल संस्कृति को नई दिशा देगा।
इस आयोजन का भव्य शुभारंभ पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में हुआ, जहाँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने खेलों के शुभंकर ‘गजसिंह‘ और प्रतीक चिह्न का अनावरण किया।
‘गजसिंह‘—हाथी की शक्ति और शेर के साहस का प्रतीक है। यह शुभंकर नालंदा और बोधगया के पाल वंश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से प्रेरित है, जिसे प्राचीन मंदिरों और उनके स्तंभों की शिल्पकला में उकेरा गया है।
खेलों का प्रतीक चिह्न बिहार की सांस्कृतिक विरासत और नारंगी रंग से प्रेरित है, जो उत्साह, ऊर्जा और प्रकृति का प्रतीक माना जाता है। यह प्रतीक न सिर्फ बिहार की गरिमा को दर्शाता है, बल्कि पूरे देश में खेलों के प्रति जोश और जुनून का संचार करता है।
खेलो इंडिया युवा खेल-2025 न केवल बिहार के खेल अवसंरचना को मजबूत करेगा, बल्कि राज्य की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेरने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करेगा।