
अमेरिका की प्रसिद्ध गायिका कैटी पेरी सहित छह महिलाओं ने ब्लू ओरिजिन के अंतरिक्ष यान के ज़रिए पृथ्वी के वायुमंडल की ऊपरी सीमा तक उड़ान भरकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस साहसिक मिशन ने महिलाओं की अंतरिक्ष में भागीदारी को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।
ब्लू ओरिजिन की यह ऐतिहासिक उड़ान न्यू शेपर्ड-NS-31 अंतरिक्ष यान से संपन्न हुई, जो भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे अमेरिका के पश्चिमी टेक्सास से रवाना हुआ। महज़ दस मिनट की इस यात्रा में यान ने पृथ्वी की सतह से लगभग 100 किलोमीटर ऊपर, यानी करमन रेखा के पार तक पहुंच बनाई और सभी यात्रियों को सफलतापूर्वक सुरक्षित वापस धरती पर ले आया।
यह मिशन ब्लू ओरिजिन के स्वामित्व वाली कंपनी द्वारा संचालित किया गया, जिसे अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस ने स्थापित किया है।
इस ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा में शामिल महिलाएं थीं:
कैटी पेरी – अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त गायिका
गेल किंग – मशहूर टेलीविजन एंकर
केरियन फ्लिन – फिल्म निर्माता
आइशा बोवे – नासा की पूर्व एयरोस्पेस इंजीनियर
अमांडा गुयेन – यौन हिंसा के खिलाफ अभियान चलाने वाली संस्था की संस्थापक
लॉरेन सांचेज – पूर्व पत्रकार और जेफ बेजोस की मंगेतर
इस उड़ान के दौरान यात्रियों ने कुछ क्षणों के लिए भारहीनता (Zero Gravity) का अनुभव भी किया और अंतरिक्ष की विशालता को बेहद करीब से देखा।
यह मिशन न केवल अंतरिक्ष पर्यटन की दिशा में एक मील का पत्थर है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि महिलाएं भी अंतरिक्ष अन्वेषण में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। इस साहसिक उड़ान ने दुनिया भर की महिलाओं को प्रेरणा देने का कार्य किया है।